फंदे में फंसे तेंदुए को रेस्क्यू किया, हथियारों के साथ दो शिकारी भी पकड़े

 तेंदुए को फंदे में फंसाकर शिकार की योजना बना रहे दो शिकारियों को वन विभाग के अमले ने पकड़ा लिया है। रविवार को शाम दो शिकारी सुनील व फूलसिंह के घर पर वन विभाग के अमले ने दबिश दी। दोनों के यहां से अमले को 17 फंदे, भाला, जंगली सुअर के बाल, लोहे की राॅड व अन्य हथियार बरामद किए गए हैं। जबकि एक संदिग्ध शिकारी जगदीश मौका पाकर फरार हो गया।


वन विभाग के डिप्टी डायरेक्टर एके जैन ने बताया कि जगदीश के घर से दो तीतर व हथियार मिले हैं। जहां पर तेंदुए के लिए फंदे लगाए गए थे, शिकारी उससे आधा किलोमीटर की दूरी पर प्रेमपुरा गांव में रहते हैं। शनिवार को उनके द्वारा लगाए गए फंदे में तेंदुआ फंस गया। इसकी सूचना मिलने पर टीम के सदस्य मौके पर पहुंचे थे और तेंदुए को निकाला गया। 


वन विभाग के अफसरों ने बताया कि पिछले दिनों बैरसिया में भी एक तेंदुए का शिकार भाला मारकर किया गया था। इस दौरान कुछ शिकारियों के क्षेत्र में सक्रिय होने की सूचना मिली थी। इसके बाद कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया था। इस दौरान ही कुछ और लोगों के सक्रिय होने की सूचना के बाद यि कार्रवाई की गई। घायल तेंदुए को वन विहार नेशनल पार्क में शिफ्ट किया गया है। उसके शरीर पर एक गहरा घाव है। उसका इलाज जारी है।